हरिद्वार। ऋषिकुल क्षेत्र के रामघाट पर एक किशोर नहाते हुए गंगा की तेज बहाव की चपेट में आ गया। जबकि उसका ममेरा भाई बाल बाल बच गया। देर शाम तक चली खोजबीन के बाद भी किशोर को कुछ अता पता नहीं चल सका।
मनसा देवी मंदिर कैंपस में प्रसाद की दुकान चलाने वाले उदयपाल शर्मा अपने परिवार समेत विकास कालोनी में रहते हैं। सोमवार को हरिपुर कलां, रायवाला से उनकी बहन का बेटा अंकित यहां आया था। शाम करीब पांच बजे अंकित अपने मामा के बेटे साहिल के साथ रामघाट पर नहाने चला गया। नहाते वक्त अंकित रेलिंग के पार चला गया और तेज बहाव की चपेट में आ गया। इधर, ममेरा भाई भी तेज बहाव की चपेट में आने से बच गया। ममेरे भाई ने तुरंत इसकी सूचना परिजन को दी। मायापुर चौकी प्रभारी दुर्गेश चंद्र ने बताया कि काफी प्रयास के बाद भी 13 वर्षीय किशोर का कुछ पता नहीं चल सका। बताया कि किशोर आठवीं का छात्र है और उसके पिता बिजली विभाग में लाइनमैन है। वहीं दूसरी ओर ज्वालापुर के जग्गू घाट पर डूबे ऑटो चालक छोटेलाल के छह साल के बेटे वंश का शव सोमवार को रानीपुर झाल पर मिला।