अपर रोड से भीमगोड़ा बैरियर तक (जीरो जोन) में जाम की समस्या से निजात के लिए हाथी पुल, मुख्य पोस्ट ऑफिस और रामलीला ग्राउंड की तरफ से विष्णुघाट बाजार जाने वाले रास्ते पर नगर निगम ने बैरिकेडिंग कर दी है।
नगर निगम ने पूर्व में जीरो जोन में प्रीपेड व्यवस्था लागू की थी। व्यवस्था फेल होने से क्षेत्र में जाम से यात्री और व्यापारी परेशान हैं। जाम कम करने के लिए बैरिकेडिंग लगाई गई है। एक बार में निर्धारित संख्या में प्रति चक्कर पर पर्ची काटी जा रही थी। सबके बावजूद अंदर अवैध रूप से ई-रिक्शा आदि घुसने से जाम की समस्या खड़ी हो रही थी। व्यापारियों के साथ ही स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत नगर आयुक्त से की। इसके बाद पर्ची काटने वाले चार कर्मचारियों को हटा दिया गया। अब इसके बाद हाथी पुल, मुख्य पोस्ट ऑफिस के साथ ही रामलीला ग्राउंड की तरफ से विष्णुघाट बाजार जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग की जा रही है। नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती ने बताया कि बाजार में अवैध तरीके से घुसने वाले ई-रिक्शा, रिक्शा पर कार्रवाई की जाएगी। इन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की जा रही है।