स्मैक के साथ पकड़े जाने के मामले में आरोपी की जमानत याचिका विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट संजीव कुमार ने सुनवाई के बाद खारिज कर दी। आरोपी पर अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर पुलिस कर्मचारियों के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का भी आरोप है।
शासकीय अधिवक्ता कुशल पाल सिंह चौहान ने बताया कि 26 नवंबर 2021 में पथरी थाना पुलिस को ग्राम गाड़ोवाली में स्मैक बेचे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने ग्राम गाड़ोवाली में पहुंचकर आरोपी मुस्तकीम को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9.20 ग्राम स्मैक बरामद की थी। तभी अचानक आरोपी के परिवार वालाें व अन्य ने पुलिस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से मुस्तकीम को छुड़ाने की कोशिश की। घटना के संबंध में आरोपियों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने संबंधी मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी मुस्तकीम की जमानत याचिका पर सुनवाई के बाद न्यायालय ने आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी है।