दोस्ती तोड़ने और बात नहीं करने से क्षुब्ध युवक ने युवती से सड़क पर बातचीत करनी चाही। कुछ लोगों ने युवक की सरेराह पिटाई करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को बचाया। बाद में दोनों पक्षों का कोतवाली में समझौता हो गया।
ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले युवक और युवती के बीच कॉलेज के समय से दोस्ती थी। बताया जा रहा है कि युवती ने पिछले कुछ समय से युवक से बातचीत बंद कर दी थी। इसको लेकर युवक नाराज था। युवती के परिजनों का आरोप था के युवक दोबारा दोस्ती का दबाव बना रहा था और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था। बुधवार को युवती नगर कोतवाली क्षेत्र के देवपुरा से जा रही थी। इस दौरान युवक भी वहां से गुजर रहा था।
युवती को देखकर युवक ने उसके साथ बातचीत करनी चाहिए। वहां मौजूद लोगों ने सोचा कि युवक युवती को छेड़ रहा है। जिस पर लोगों ने युवक को जमकर पीटा। सूचना मिलने पर मायापुरी पुलिस चौकी प्रभारी संजीव कंडारी मौके पर पहुंचे और युवक को बचाया। नगर कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।