मांगों को लेकर धरना देर रही आशा कार्यकर्ताओं ने नगर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर सुरक्षा दिए जाने की मांग की। तहरीर में कहा कि वह शांतिपूर्वक धरना दे रही हैं, लेकिन उनके ऊपर अब धरना समाप्त करने का दबाव बनाया जा रहा है। जिससे उनके साथ कुछ भी अप्रिय घटना हो सकती है।
आशा राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य कार्यकत्री एकता यूनियन संगठन के बैनर तले आशा कार्यकर्ता महिला अस्पताल में अपनी मांगों के लिए शासनादेश जारी कराने की मांग को लेकर धरना दे रही हैं। मंगलवार को आशा कार्यकर्ता अस्पताल में धरना देने के साथ ही नगर कोतवाली में पहुंचीं। जहां उन्होंने आरोप लगाया कि वह अस्पताल में मांगों को लेकर बिना किसी को परेशान और काम प्रभावित किए धरना दे रही हैं, लेकिन उन्हें धरना समाप्त करने के लिए धमकियां दी जा रही हैं।
उन्हें जबरन धरने से उठाने का षड्यंत्र रचा जा रहा है, जबकि वह जायज मांगों के लिए अपना हक मांग रही हैं। इसलिए वह अब किसी से डरने वाली नहीं हैं। आशा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को सरकार ने जल्द पूरा नहीं किया तो वह बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगी।
भूख हड़ताल करने से भी पीछे नहीं हटेंगी। आने वाले चुनाव में भाजपा को सबक भी सिखाया जाएगा। इस मौके पर अध्यक्ष राजेश्वरी चौहान, सुरेंद्र शर्मा, सुधा, रेखा लोधी, सारिका, पूनम, नेहा, परवीन, सरिता, सविता सौदाई आदि मौजूद रहे।