गहने चमकाने के नाम पर ठग अंगूठी और कंगन लेकर फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने में जुटी है।
कनखल थाना प्रभारी मुकेश चौहान के मुताबिक थाना क्षेत्र के संन्यास मार्ग की रहने वाली प्रेमलता ने शिकायत देकर बताया कि मंगलवार की दोपहर को दो युवक उसके घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह सोने चांदी के जेवर पर पॉलिश कर उन्हें चमकाते हैं। महिला ने विश्वास कर युवकों को अपने सोने के दो कंगन और एक अंगूठी पॉलिश करने के लिए दे दी। कुछ ही देर में युवकों ने एक पोटली महिला को थमाकर कुछ देर बाद खोलने की बात कही। महिला पोटली लेकर अंदर चली गई, जिसके बाद युवक चले गए। कुछ देर बाद महिला ने जब पोटली को खोलकर देखा तो उसके अंदर जेवर नहीं थे। महिला ने अपने पति को सूचना दी। सूचना मिलने पर कनखल पुलिस सक्रिय हो गई। कनखल पुलिस ने महिला को साथ लेकर पूरे क्षेत्र में युवकों को तलाशा लेकिन उनका कोई अता पता नहीं चल सका। थाना प्रभारी बताया कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।