हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में क्रेडिट कार्ड से बिना ओटीपी साझा किए ही 1.63 लाख रुपये की ठगी कर देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने बैंक पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शिवलोक कॉलोनी निवासी देव आशीष शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 जनवरी को उनके भाई ऋत्विक शर्मा के आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से 1,63,498 रुपये कटने का मैसेज मिला। इस दौरान न तो कोई ओटीपी साझा किया गया और न ही किसी प्रकार की अनुमति दी गई। घटना के तुरंत बाद उन्होंने साइबर क्राइम सेल, बैंक और आरबीआई को मामले की सूचना दे दी थी।
आरोप है कि बैंक को करीब दो बजे और आरबीआई को 2:30 बजे सूचना दी गई, लेकिन इसके बावजूद भी लेन-देन को रोका नहीं गया। आरोप है कि बैंक ने उसी दिन शाम 4:58 बजे रकम को संगीता मोबाइल्स नाम के खाते में ट्रांसफर कर दिया। इसकी शिकायत साइबर पोर्टल पर भी दर्ज कराई गई। कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।