ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
पूर्व विधायक अंबरीष कुमार ने प्रेसवार्ता कर राज्य सरकार को पंचायती राज एक्ट, बढ़ती नशाखोरी के खिलाफ कार्रवाई, पूरे हरिद्वार जनपद को महाकुंभ में शामिल करने की मांग उठाई। उन्होंने नए पंचायती राज एक्ट को समानता के अधिकार के खिलाफ बताया। राहुल गांधी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने पर उनके निर्णय की सराहना की।
बृहस्पतिवार को प्रेस क्लब में पत्रकारवार्ता करते हुए पूर्व विधायक और कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी रहे अंबरीष कुमार ने पंचायती राज एक्ट में संसोधन किए जाने पर उसे अंसवैधानिक अनैतिक गरीब विरोधी बताया। उन्होंने सांसद, विधायक के चुनाव लड़ने के लिए कोई योग्यता निर्धारित नहीं है, लेकिन ग्राम प्रधान के चुनाव के लिए दो बच्चे और शिक्षित होने के नियम को वापस लेने की बात कही। उन्होंने हरिद्वार में बढ़ती नशाखोरी पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि नशीले पदार्थ बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो इसके बुरे परिणाम होंगे। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि अवैध धंधे करने वालों पर कार्रवाई की मांग करने वालों पर पुलिस ज्यादती कर रही है। उन्हें हाईकोर्ट तक जाना पड़ रहा है। लेकिन अवैध धंधे करने वालों को पुलिस थाने से ही जमानत दे देती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 10 जुलाई तक अवैध धंधों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करने को सड़क पर उतरेंगे। पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि धर्मनगरी की अस्मिता बचाने के लिए संघर्ष में संत भी पूरा सहयोग करेंगे।
इस मौके पर युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अमरदीप रोशन, नईम कुरैशी, श्रमिक नेता मुरली मनोहर, धर्मपाल ठेकेदार, वरुण बालियान, सोमदत्त त्यागी, राजीव भार्गव, अमन गर्ग आदि शामिल हुए।