ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन मनाते हुए प्रस्ताव पारित किया, जिसमें निर्णय लिया कि राहुल गांधी ही एआईसीसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहे तभी पार्टी को शक्ति मिलेगी। इस प्रस्ताव को जल्दी ही राहुल गांधी को भेजे जाने का निर्णय लिया गया है।
बुधवार को सैनी आश्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। केक काटकर मिष्ठान वितरण भी किया गया। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. संजय पालीवाल ने कहा कि गांधी परिवार का देश पर बलिदान कभी नहीं भूलना चाहिए। आज भारत के युवा को संचार क्रांति के जनक राजीव गांधी की नीतियों से प्रेरणा लेनी चाहिए, जिनके पद चिह्नों पर ही राहुल गांधी युवाओं की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी को जन्मदिन पर बधाई दी। महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने केक काटकर शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के नाम पर सिर्फ खोखले वादे मिल रहे हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. संतोष चौहान और पूर्व विधायक रामयश सिंह का कहना है कि धर्म के नाम पर देश को गुमराह करके आज जो लोग सत्ता पर काबिज हैं। जल्द ही राहुल गांधी के नेतृत्व में अभियान चलाकर उन्हें बेनकाब किया जाएगा।