अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
नगर निगम में शामिल नए क्षेत्रों में कूड़ा उठवाने के लिए कंटेनर लगवाने का मेयर का दावा 20 दिन बाद भी पूरा नहीं हो सका। नए क्षेत्रों में कूड़ा उठवाने का काम भी शुरू नहीं हो सका है। मेयर अब फरवरी के शुरू में सफाई शुरू कराने और कंटेनर लगवाने की बात बता रहे हैं। मेयर मनोज गर्ग ने 20 दिन पहले दावा किया था कि नगर निगम क्षेत्र में शामिल जगजीतपुर, सीतापुुर, विष्णु कालोनी, हरिलोक कालोनी में सफाई कार्य शुरू कराने के साथ ही प्रथम चरण में इन क्षेत्रों में 30 कूड़ादान रखवाए जाएंगे।
जगजीतपुर में आवासीय फ्लैट, कालोनी, शिक्षण संस्थानों के साथ विकसित क्षेत्र है, लेकिन नगर निगम में शामिल होने की घोषणा के तीन महीने बाद भी इन क्षेत्रों में कूड़ा उठाने, स्ट्रीट लाइट, सीवर लाइन, सड़कों के रखरखाव, मरम्मत आदि की कोई ठोस योजना नहीं बन सकी। सतीकुंड से लेकर जगजीतपुर क्षेत्र में खाली प्लॉट, मैदान, सड़कों के किनारे जहां-तहां कूड़े के ढेर लगे हैं। सीतापुर, सब्जी मंडी के आसपास के क्षेत्रों में कूड़ा नहीं उठने से गंदगी का बुरा हाल है। नालियां साफ नहीं होने से वहां गदंगी से अटी पड़ी ह। नगर निगम का हिस्सा बनने के बाद इन क्षेत्रों में समुचित विकास की उम्मीद जगी थी, लेकिन मेयर मनोज गर्ग के दावे के 20 दिन बाद भी नए क्षेत्रों में कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है।
नए कंटेनर मंगवाने के लिए निर्देश दिए गए हैं। फरवरी महीने में कंटेनर लगवा दिए जाएंगे। अब सफाई कार्य भी कुछ क्षेत्रों में शुरू कर दिया गया है। अब इन क्षेेत्रों में स्ट्रीट लाइट लगवाने को भी प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। - मनोज गर्ग, मेयर हरिद्वार।