अर्द्घकुंभ का छठा स्नान बृहस्पतिवार को तड़के शुरू हो गया। इस दौरान भारी संख्या में भक्त स्नान के लिए तीर्थनगरी हरिद्वार पहुंचे। मुहूर्त लगते ही गंगा घाटों में स्नान और पूजन के लिए भक्तों की भीड़ लग गई।
भीड़ को ध्यान में रखते हुए मेला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। कीलक नामक वर्तमान संवत का आखिरी दिन भी बृहस्पतिवार को है। स्नान के लिए बुधवार की शाम से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था।
राज्यपाल के सलाहकार प्रकाश मिश्र और रविंद्र सिंह ने मेला और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। मेला प्रशासन को लाखों श्रद्धालु पहुंचने का अनुमान है।
अमावस्या होने के कारण श्रद्धालु नारायणी शिला और कुशावर्त जाकर पिंड श्राद्ध भी संपन्न कराएंगे। अर्द्धकुंभ मेला आईजी जीएस मर्तोलिया ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से प्रभावी कदम उठाए गए हैं। हर स्तर पर पैनी नजर रखी जा रही है।
मेले में आपात योजना भी रखें तैयार
श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
राज्यपाल केके पॉल के सलाहकार रविंद्र सिंह और प्रकाश मिश्रा ने बुधवार की शाम हरिद्वार पहुंचकर अर्द्धकुंभ मेले और चारधाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अर्द्धकुंभ मेले में आने वाले स्नान पर्वों के सफल आयोजन के लिए प्रभावी इंतजाम करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को उन्होंने हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए आपातकालीन योजना तैयार रखें। जन समस्या निवारण प्रकोष्ठ की सूचना को ही प्रमाणिक माना जाए, किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए। बैठक में सलाहकारों ने निर्देश दिए कि अर्द्धकुंभ मेला की समाप्ति के बाद कुंभ मेले के सफल आयोजन की तैयारियां भी आरंभ कर दी जाएं।
बैठक में मेलाधिकारी एसए मुरुगेशन, मेला आईजी जीएस मर्तोलिया, जिलाधिकारी हरबंस सिंह चुघ, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डी सैथिंल अबुदई, अपर मेलाधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, निधि यादव, एसएसपी जगतराम जोशी, नीरू गर्ग, एएसपी यातायात श्वेता चैबे, संयुक्त मजिस्ट्रेट मयूर दीक्षित, वंदना सिंह, उप मेलाधिकारी अवधेश सिंह, डीएस नेगी आदि अधिकारी उपस्थित रहे।