स्मार्ट सिटी को लेकर शनिवार को आयोजित वॉकाथन में बॉलीवुड कलाकार डॉली बिंद्रा ने लोगों का उत्साह बढ़ाया। घंटाघर स्थित फूड एंड एंटरटेनमेंट से शुरू होकर कनक चौक, एश्लेहॉल और पैसिफिक होटल होते हुए प्रतिभागी वापस पहुंचे। उन्होंने लोगों से स्मार्ट दून के लिए वोट करने की अपील की।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के नोडल अफसर आर मीनाक्षी सुंदरम, जीटीएम के सीएमडी तुषार कुमार और डॉली बिंद्रा ने हरी झंडी दिखाकर वॉक को रवाना किया।
हर दूनवासी की चाह, आसान हो स्मार्ट सिटी की राह:
दून का प्रत्येक नागरिक स्मार्ट सिटी को लेकर खासा उत्साहित है। लोग चाहते हैं कि दून में स्मार्ट सिटी की राह आसान हो। इसके लिए जरूरी है कि ज्यादा से ज्यादा लोग माई गोव वेबसाइट पर जाकर वोटिंग करें।
लोगों को स्मार्ट सिटी पर छह विकल्प में से किसी एक को चुनकर वोट करना होगा। करीब 15 हजार लोग अब तक वोटिंग कर चुके हैं। अमर उजाला की टीम शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों को परियोजना के संबंध में जागरूक और वोटिंग के लिए प्रोत्साहित कर रही है। साथ ही लोगों की वोट डालने में मदद भी की जा रही है।
शनिवार को अमर उजाला की टीम ने प्रिंस चौक, गांधी पार्क, प्रेमनगर, चावला चौक, हर्रावाला आदि क्षेत्रों में लोगों को वोटिंग में मदद की। इसके अलावा अमर उजाला कार्यालय पटेलनगर के बाहर भी कियोस्क लगाया गया है, जहां परियोजना के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही वोटिंग भी की जा सकती है।
आज यहां रहेगी टीम:
अमर उजाला की टीम आज क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में लोगों को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के संबंध में जानकारी देगी। साथ ही लोगों की वोटिंग में भी सहायता करेगी। अमर उजाला कार्यालय पटेलनगर के बाहर कियोस्क पर भी वोटिंग की जा सकती है।