चंपावत। शिक्षा विभाग की ओर से बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए दो बार काउंसलिंग में मात्र छह अभ्यर्थियों ने ज्वाइनिंग ली है। दो बार हुई काउंसलिंग में मात्र 11 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। जिले में 22 वर्षों से शिक्षा मित्र के रूप में सेवा दे रहे 18 अभ्यर्थियों में से 14 ने अन्य जिलों में काउंसलिंग में भाग लिया है। विद्यालयी शिक्षा के तहत माह जून में बेसिक शिक्षा भर्ती के 2906 पदों के लिए प्रदेश के 13 जिलों में सहायक अध्यापक प्राथमिक के पदों के भरे जाने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए। इसके तहत चंपावत में भी 69 और छह पद बैकलॉग से भरे जाने के लिए आवेदन मांगे गए। प्रदेश स्तरीय काउंसलिंग 10 और 18 अगस्त को आयोजित की गई। इसमें पहली काउंसलिंग में मात्र दो और दूसरी में नौ अभ्यर्थी ही काउंसलिंग में उपस्थित हुए।
चंपावत के 14 विद्यालय फिर बने एकल शिक्षक
चंपावत। जिले में बीते 22 वर्षों से कार्यरत टीईटी उत्तीर्ण शिक्षा मित्रों ने भी भर्ती के लिए आवेदन किया। इनमें 18 में से 14 शिक्षा मित्रों ने अन्य जिलों की काउंसलिंग में भाग लिया और उन जिलों में नियमित नियुक्ति भी ले ली है। जिला शिक्षा मित्र संगठन के अध्यक्ष विद्याधर जोशी ने बताया कि जिले के टीईटी पास शिक्षा मित्रों के अन्य जिलों में नियुक्ति लेने से चंपावत में अभी तक 14 स्कूल एकल शिक्षक वाले हो गए हैं। 22 वर्ष तक अपने जिले में शिक्षण कार्य करने वाले शिक्षा मित्र आज बुढ़ापे में अन्यत्र जिलों में दुर्गम क्षेत्रों में कार्य करने के लिए मजबूर हो गए हैं।
बेसिक शिक्षा में पदों को भरे जाने के लिए जिले में दो बार काउंसलिंग का आयोजन किया गया लेकिन अंतिम समय तक बहुत कम आवेदक पहुंचे। इसे लेकर राज्य ने आवेदकों को ज्वाइनिंग के लिए एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया है। इसके बाद तीसरी काउंसलिंग होगी।
मेहरबान सिंह बिष्ट, सीईओ, चंपावत।