चंपावत में जूट बैग निर्माण कार्यशाला में मौजूद लोग। संवाद
चंपावत। यूकॉस्ट की ओर से खर्ककार्की में महिलाओं को जूट बैग निर्माण और ऐपण कला सिखाने का 10 दिनी प्रशिक्षण शुरू हो गया है। कार्यशाला का शुभारंभ यूकॉस्ट के संयुक्त निदेशक डॉ. डीपी उनियाल, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी और सीमैप के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मनोज सेमवाल ने संयुक्त रूप से कार्यशाला का शुभारंभ किया।
वर्तमान में रुरल एंवायरमेंटल एंड एजुकेशनल डेवलपमेंट सोसायटी, रीड्स और निर्मला सोशल रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसायटी की ओर से प्रथम चरण में जूट बैग निर्माण के साथ साथ ऐपण की कृतियों का निर्माण किया जाएगा। जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक नया कदम बताते हुए कहा कि यह कार्यशाला अपने उद्देश्योंं में सफल होगी।
रीड्स संस्था की भावना गहतोड़ी ने फलों के पल्प से बनाए जा रहे साबुन, लिप बाम, और बॉडी वाॅश के बारे में बताया कि इनका उत्पादन घर में भी किया जा सकता है। वहां संजीव भटनागर, देवेंद्र सिंह, मनीष आर्य, मास्टर ट्रेनर मोनिका बोहरा, रीड्स की ललिता बोहरा, कुसुम थ्वाल, आशा सामंत, पूजा पुजारी, प्रेरणा अधिकारी, किरण पांडेय आदि थे। संवाद
सीएम करेंगे वूमेन टेक्नोलॉजी पार्क का उद्घाटन
चंपावत। मुख्यालय के खर्ककार्की में यूकॉस्ट की ओर से स्थापित किए जा रहे वूमेन टेक्नोलॉजी पार्क का उद्घाटन जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। यूकाॅस्ट के संयुक्त निदेशक डॉ. डीपी उनियाल और वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. पीयूष जोशी ने कहा कि जिले का प्रथम वूमेन टेक्नोलॉजी पार्क चंपावत जिले को आदर्श बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यूकॉस्ट की ओर से इसके लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। संवाद