पाटी (चंपावत)। पाटी ब्लॉक के अमौली गांव में लोग 15 दिन से पानी के लिए तरस रहे हैं। इस अवधि में इस गांव में नलों में पानी की एक बूंद नहीं टपकी है। इसके चलते लोग दूरदराज से पानी ढोने के लिए मजबूर हैं। इससे नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को विरोध जता खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन किया।
अमौली में 15 दिनों से नलों में पानी न आने से ग्रामीण नौले, धारों से पानी भरने के लिए मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जल संस्थान से गुहार लगाने पर कोई कार्रवाई न होने पर सीएम पोर्टल में भी शिकायत की, लेकिन फिर भी समाधान नहीं निकल सका। पूरन भट्ट ने बताया कि सीएम पोर्टल में शिकायत के बाद भी समस्या नहीं सुलझ सकी है। प्रदर्शन करने वालों में सामाजिक कार्यकर्ता पूरन भट्ट, ग्राम प्रधान निशा देवी, चंपा भट्ट, दीपा भट्ट, भावना भट्ट, हेमा भट्ट, दिव्या भट्ट, भुवनेश्वरी, हरीश चंद्र, मनीष भट्ट, योगेश भट्ट आदि थे। जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता सीएस पंत का कहना है कि खामी को दूर कर जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल की जाएगी।
खाली बर्तन लेकर बिरौली के ग्रामीणों का प्रदर्शन
लोहाघाट (चंपावत)। राज्य आंदोलनकारी कल्याण परिषद के जिला उपाध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया ने विकासखंड पाटी के सिल्योड़ीगूंठ, चौड़ागूंठ गगराड़, खोलागाड़, मनटांडे, गवाई, मोलनाजाख, चंतोला, बिरोली, बोराचौपड़, रीठाखाल क्षेत्र का भ्रमण कर जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान गंभीर पेयजल संकट झेल रहे बिरौली के ग्रामीणों ने खाली बर्तन लेकर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 1975 में बनी सूरजपानी-बिरोली-चंदोला पेयजल योजना पहले से ही खस्ताहाल थी। पिछले महीने आई आपदा के कारण यह पेयजल योजना पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इस कारण गांव में भारी पेयजल संकट है। आक्रोशित ग्रामीणों ने खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन कर जल संस्थान से योजना सुधारने और ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल दिलवाने की मांग की। समस्या का जल्द समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। कलखुड़िया ने पेयजल की समस्या को जल संस्थान और डीएम तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में किशन सिंह चौहान, विनय गुरुरानी, आन सिंह चौहान, रेनू चौहान, जीवंती चौहान, कमला चौहान आदि रहे। उधर जल संस्थान के जेई सीएस पंत का कहना है कि पूर्व में बाधित योजना को सुचारु कर दिया था। यदि योजना में और कोई दिक्कत है तो समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।