पेयजल किल्लत से जूझ रहे गल्लागांव के लोग खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन करते हुए।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। राज्य आंदोलनकारी परिषद के जिला उपाध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया ने विकासखंड बाराकोट के गल्लागांव क्षेत्र का दौरा कर जन समस्याएं सुनीं। इस दौरान पेयजल के लिए परेशान ग्रामीणों ने खाली बर्तन लेकर जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना था कि गांव के लिए बनी पेयजल योजना के स्रोत में पर्याप्त पानी उपलब्ध होने के बावजूद उन्हें एक दिन छोड़कर पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं का कहना है कि कभी-कभी लंबे समय तक नलों में पानी नहीं आता है। आक्रोशित ग्रामीणों ने पेयजल समस्या का समाधान जल्द न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। वहीं जल संस्थान के एई पवन बिष्ट का कहना है कि बारिश के कारण कहीं लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। लंबी पेयजल लाइन होने के चलते जिसका फॉल्ट नहीं मिल पा रहा है। फॉल्ट को ढूंढा जा रहा है, जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। प्रदर्शन में कल्याण सिंह बोरा, नीमा बोहरा, आशा बोहरा, भावना कालाकोटी, सोनाली बोहरा, आशा देवी, प्रहलाद राम, भुवन सिंह आदि रहे।