चंपावत। मतगणना को सकुशल, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शितापूर्ण तरीके से कराने के लिए मतगणना कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। जिला पंचायत सभागार में आयोजित शिविर में मतगणना सुपरवाइजर, मतगणना सहायक और माइक्रो ऑब्जर्वर को ईवीएम, वीवीपैट की पर्चियों की गणना का सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम शिवचरण द्विवेदी ने कहा कि त्रुटिरहित मतगणना चुनाव आयोग की प्राथमिकता है।
एडीएम द्विवेदी ने मतगणना कार्य में संयम और सहनशीलता की अहमियत बताई। कहा कि डाक मतपत्र, ईटीपीबीएस, कंट्रोल यूनिट, वीवीपैट से मतगणना होगी। अपर सांख्यकी अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि मतगणना के दौरान सबसे पहले कंट्रोल यूनिट का मिलान किया जाएगा। प्रपत्र में अंकित, कंट्रोल यूनिट में डाले गए मतों की समानता जरूरी है। ग्रीन पेपर, सील, विशेष टैग संख्या, मतदान केंद्र के पत्र से भी कंट्रोल यूनिट का मिलान करना होगा। मत लेखा संख्या में दर्ज मतदान केंद्र पर डाले गए मतों की संख्या को कंट्रोल यूनिट में प्रदर्शित होने वाले अभ्यर्थी वार संख्या भी मिलानी होगी। मतगणना के बाद प्रत्याशियों को प्राप्त मतों की संख्या को प्रपत्र में भरने के बाद उसे आरओ के समक्ष प्रस्तुत करना होगा। प्रशिक्षण में प्रशिक्षण प्रभारी डीडीओ संतोष कुमार पंत, सहायक प्रशिक्षण प्रभारी जीवन चंद्र कलौनी, एमपी जोशी आदि मौजूद रहे।
पिथौरागढ़ में मतगणना के लिए 288 कर्मियों को प्रशिक्षण दिया
पिथौरागढ़। विधानसभा चुनाव की मतगणना 10 मार्च को होगी। जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। ईवीएम मतगणना के लिए जिले की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 14 टेबल सहित चारों विधानसभा के लिए 56 टेबल लगाई जाएंगी।
जीआईसी पिथौरागढ़ में रिजर्व सहित 288 कार्मिकों को मतगणना का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें 68 मतगणना सुपरवाइजर, 72 मतगणना सहायक, 88 माइक्रो ऑब्जर्वर शामिल रहे। डीएम डॉ. आशीष चौहान ने मतगणना के लिए नियुक्त कार्मिकों को 10 मार्च की सुबह छह बजे मतगणना स्थल पर उपस्थित होने के निर्देश दिए। किसी भी कर्मी को मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने सभी कार्मियों को निर्देशित किया गया कि गतगणना कार्यों को गंभीरता से लेते हुए पूरी सतर्कता के साथ पूरा किया जाए। एसडीएम फिंचा राम चौहान ने कार्मियों की शंकाओं का समाधान किया। मास्टर ट्रेनर डॉ. दीपेंद्र महर, मोहन चंद जोशी, नीरज जोशी, जीवन जोशी ने प्रशिक्षण दिया इस मौके पर नोडल अधिकारी कर्मिक रमा गोस्वामी, आईएएस दीपक शाशनी सहित सभी आरओ मौजूद रहे।