चंपावत। टनकपुर-चंपावत एनएच पर 19 सितंबर को भारी और हल्के वाहनों की आवाजाही सुबह छह से दोपहर 12 बजे तक पूर्ण रूप से बंद रहेगी। स्वाला में लगातार मलबा आने के कारण जिला प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टिगत यह निर्णय लिया है।
डीएम नवनीत पांडे ने बताया कि एनएच पर स्वाला में किमी 106.300 अतिसंवेदनशील स्थल है। लगातार पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण यातायात अवरुद्ध है। 19 सितंबर को सुबह से मलबा हटाने का कार्य किया जाएगा।
12 बजे तक चंपावत से टनकपुर के मध्य आवागमन पूर्णतया बंद रहेगा। सड़क मार्ग न खुलने की स्थिति में बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे से पूर्व अवगत करा दिया जाएगा। इस संबंध में डीएम ने एनएच, पुलिस, राजस्व विभाग के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं।
बुधवार को पांच मशीन लगाकर मलबा हटाने का कार्य किया गया, लेकिन लगातार पहाड़ी से मलबा आने के कारण सड़क नहीं खुल पाई।
बृहस्पतिवार को सुबह से ही स्वाला में मलबा हटाने का कार्य किया जाएगा। डीएम ने कहा कि सीमांत को जोड़ने वाली यह सड़क अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसे खोला जाना जरूरी है।