बनबसा से टनकपुर तक निकले रोड शो में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्वागत करती मातृशक्ति। स
टनकपुर (चंपावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश को कई योजनाएं दी हैं। इससे प्रदेश में तेजी से विकास हो रहा है। इस बार उन्हें सहयोग देने की हमारी बारी है।
सीएम ने शनिवार को बनबसा से टनकपुर तक करीब 12 किमी के रोड शो के बाद से टनकपुर के तुलसी राम चौराहे पर जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि चंपावत में मां पूर्णागिरि धाम है। यहां की भूमि पुण्य है। यहां रोपवे बन रहा है। रेलवे स्टेशन का कायाकल्प हो रहा है। रोडवेज बस स्टेशन बन रहा है। बिजली का 132 केवीए के सब स्टेशन का शिलान्यास हो चुका है।
मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए सीएम ने कहा कि 25 करोड़ की आबादी गरीबी रेखा से बाहर निकल चुकी है। हर घर नल पहुंच रहा है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर वर्ग के लिए एक समान कानून पर काम कर रहे हैं। एक ओर विपक्ष के लोग सनातन के विरोधी हैं और दूसरी ओर मोदी भारत को शक्तिशाली बना रहे हैं।
धामी ने विपक्ष पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का भी आरोप लगाया। इससे पहले सीएम बनबसा के मिनी स्टेडियम में हेलिकॉप्टर से उतरे और रोडशो में भाग लिया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल महरा, मोहित पाठक, शंकर पांडेय, तुलसी कुंवर, कमलेश भट्ट, पूरन मेहरा, मुकेश कलखुड़िया, हेमा जोशी, नवीन भट्ट आदि मौजूद रहे।