पकड़ी नेपाली सिगरेट की पेटियां व गिरफ्तार आरोपी। विज्ञप्ति
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। पुलिस ने सीमा पार नेपाल से हो रही नेपाली सिगरेट की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। एक टाटा मैजिक वाहन में लदी नेपाली खुकुरी ब्रांड सिगरेट की 10 पेटी के साथ वाहन चालक को गिरफ्तार किया है। इनमें सिगरेट की पांच हजार डिब्बी शामिल थीं। जरूरी कानूनी कार्रवाई के बाद पुलिस ने बरामद सिगरेट, वाहन और आरोपी चालक को कस्टम विभाग बनबसा के सुपुर्द किया है।
सीमा पार से टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में चोर रास्तों से नेपाली सिगरेट की बड़े पैमाने पर तस्करी हो रही है। अवैध तरीके से लाई जा रही नेपाल की खुकरी सिगरेट बाजार में दुकानों पर खुलेआम बिक रही है। शनिवार को टनकपुर पुलिस ने बड़ी मात्रा में नेपाली सिगरेट पकड़ कर सीमा पार से हो रही तस्करी का खुलासा किया है।
कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि शनिवार को एसएसआई सुरेंद्र सिंह खड़ायत के नेतृत्व में ज्ञानखेड़ा के पास हाइवे पर चेकिंग कर रही पुलिस टीम ने टाटा मैजिक वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें नेपाल निर्मित खुकुरी सिगरेट की दस पेटियां (पांच हजार डिब्बी) बरामद हुई। आरोपी वाहन चालक केनाल कॉलोनी बनबसा निवासी आशु अहमद समेत बरामद सिगरेट और वाहन कस्टम विभाग को सौंपा गया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि बरामद सिगरेट चोर रास्तों से तस्करी कर बनबसा लाई गई थी, जो टनकपुर की ओर लाते समय पकड़ी गई।