स्मैक के साथ बनबसा में पकड़े गए नेपाली नागरिक। संवाद
- फोटो : TANAKPUR
बनबसा (चंपावत)। पुलिस ने शुक्रवार रात दो नेपाली नागरिकों को करीब साढ़े नौ ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। वे भारत से थोक में स्मैक खरीद फुटकर में बेचने के लिए नेपाल ले जा रहे थे। उनके पास मिली स्मैक समेत बाइक भी जब्त कर दी।
शारदा बैराज चौकी प्रभारी एसआई हेमंत कठैत की टीम ने शुक्रवार रात धनुषपुल के पास भारत से नेपाल की ओर जा रही नेपाली नंबर की एक बाइक संख्या म0-02-5758 पर सवार दो नेपाली नागरिकों को रोका। शक होने पर पूछताछ कर उनकी तलाशी ली गई तो पुलिस को दोनों के पास स्मैक मिली।
सीओ अविनाश वर्मा ने बताया कि बाइक सवार नेपाली नागरिक विनोद चंद एवं दलीप प्रहरी नेपाल के कंचनपुर जिले में भीमदत्त नगर पालिका क्षेत्र के सूखासाल गांव के रहने वाले है। विनोद के पास 4.70 ग्राम एवं दलीप के पास 4.77 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह जगवाण ने बताया कि इन दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/ 21/ 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर उनका चालान किया।
उन्होंने बताया कि उक्त आरोपियों से की गई पूछताछ में उन्होंने नानकमत्ता से स्मैक खरीदना बताया। वे नेपाल में फुटकर में स्मैक बेच मोटा मुनाफा कमाने को ले जा रहे थे। एसओ ने बताया कि मामले की जांच एसआई मंदाकिनी राणा को सौंपी गई है।