चंपावत। नगरपालिका की ओर से नगर क्षेत्र के बेरोजगारों को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए स्वरोजगार ऋण मेले का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में नगर पालिका परिषद के सभागार में 24 सितंबर से पांच दिनी स्वरोजगार ऋण मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें दीनदयाल अंत्योदय योजना शहरी आजीविका मिशन के तहत स्वरोजगार के लिए दो लाख रुपये का ऋण सात प्रतिशत ब्याज पर बैंक के माध्यम से दिया जाएगा। इसके अलावा रेहड़ी और फड़ व्यवसाय करने के इच्छुक बेरोजगारों को कार्यशील पूंजी के लिए दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
ईओ भूपेंद्र प्रकाश जोशी ने बताया कि पालिका सभागार में शहरी आजीविका मिशन और पीएम स्वनिधि योजना के तहत 24 से 28 सितंबर तक ऋण मेले का आयोजन आयोजित किया जाएगा। मेले में बेरोजगारों को स्वरोजगार ऋण के संबंध में अन्य जानकारियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। बताया कि मेले में प्रतिभाग करने वाले बेरोजगार अपने साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड, व्यवसाय पंजीयन प्रमाण पत्र, दुकान स्थल की फोटो, बैंक पास बुक, शपथ पत्र और दो पासपोर्ट फोटो लानी होंगी। उन्होंने बताया कि ऋण मेले का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए सभी वार्ड सभासदों को भी निर्देशित किया गया है।