टनकपुर (चंपावत)। उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ की बैठक में क्षेत्रीय कार्यकारिणी का चुनाव निर्विरोध हुआ। नए पदाधिकारियों ने कर्मचारी और निगम हित में कार्य करने का संकल्प लिया।
चुनाव अधिकारी रहे संगठन के प्रांतीय महामंत्री बालकृष्ण शर्मा और कुमाऊं क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकुमार प्रभाकर की देखरेख में संगठन कार्यालय में चुनाव हुए। इसमें पूरी कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित हुई। इसमें कुणाल राठौर अध्यक्ष, आकाश कुमार, सतीश उप्रेती उपाध्यक्ष, गौरव गुप्ता मंत्री, मनीष कुमार, विद्या पांडेय संयुक्त मंत्री, हरीश असवाल कोषाध्यक्ष, दीप चंद्र शाह संगठन मंत्री, कमलेश शर्मा कार्यालय सचिव बने।
चुनाव के बाद हुई संगठन की बैठक में कर्मचारी नेताओं ने निगम के घाटे के लिए प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि निगम की बसों को रोक अनुबंधित बसों के संचालन को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे विभाग की आय प्रभावित हो रही है।
टिकट मशीनों, कलपुर्जों की कमी भी निगम की आय घटा रही है। उन्होंने संविदा, विशेष श्रेणी कर्मचारियों को समान कार्य समान वेतन का लाभ देने, नियमित होने तक उन्हें 24 हजार रुपये मानदेय दिलाने की मांग की है। इस मौके पर अंशुल गुप्ता, सुरेंद्र सिंह, शहवाज, रवि कुमार, कमल रावत, मदन राज आदि थे।
अधिवेशन में काशीपुर जाएंगे सेवानिवृत्त रोडवेजकर्मी
टनकपुर (चंपावत)। सेवानिवृत्त रोडवेज कर्मचारी कल्याण समिति की बैठक में 17 सितंबर को काशीपुर में प्रस्तावित संगठन के प्रांतीय अधिवेशन को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। तय हुआ कि अधिवेशन में शामिल होने के लिए टनकपुर से भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों का शिष्टमंडल काशीपुर जाएगा।
संगठन के अध्यक्ष सत्यप्रकाश की अध्यक्षता में रोडवेज कार्यशाला परिसर में हुई बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हित और समस्याओं की ओर निगम प्रबंधन की अनदेखी पर रोष जताया गया। बताया कि न्यूनतम पेंशन 7500 रुपये महंगाई भत्ते की मांग, चिकित्सा सुविधा, गैर ईपीएस सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शामिल कर पांच हजार रुपये पेंशन दिलाने की मांग को निगम प्रबंधन नजरअंदाज कर रहा है।
इस कारण सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक तंगी आदि समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रबंधन पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों की अनदेखी का आरोप लगाया। तय किया कि काशीपुर अधिवेशन में इन मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। खीमानंद जोशी ने संचालन किया। बैठक में संगठन के संरक्षक लीलाधर शर्मा, कोषाध्यक्ष मोहनदेव भट्ट, पीए पांडेय आदि थे।