चंपावत। जिला मुख्यालय के शिक्षा भवन में प्राथमिक शिक्षक संघ का विरोध, प्रदर्शन सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। जिले के सभी विकासखंडों से पहुंचे शिक्षक संघ पदाधिकारियों ने नारेबाजी कर विरोध जताया।
सभा में शिक्षक नेताओं ने कहा कि उच्चाधिकारियों की ओर से उनकी विभिन्न समस्याओं को लंबे समय से नहीं सुलझाया जा रहा है। कहा कि एक साल से शिक्षकों की जिला स्तरीय समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों के साथ लगातार पत्राचार और वार्ता के बाद भी एक भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने 2006 से 2009 तक भविष्य निधि के ब्याज की राशि का भुगतान करने, समग्र शिक्षा अभियान के तहत संचालित स्कूलों में प्राथमिक संवर्ग के शिक्षकों को सातवें वेतनमान के अवशेष एरियर का भुगतान करने आदि की मांग उठाई। जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह बोहरा की अध्यक्षता में महामंत्री बंशीधर थ्वाल ने संचालन किया। तीसरे दिन प्रदर्शन करने वालों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तम सिंह फर्त्याल, ब्लॉक अध्यक्ष रुद्र सिंह बोहरा, अमित वर्मा, मयंक पुनेठा, योगेश चतुर्वेदी, हरिविनोद पंत, कुंवर प्रथोली, नरेश बोहरा आदि रहे।