टनकपुर (चंपावत)। डिग्री काॅलेज में चुनाव प्रचार को लेकर फिर सोमवार को अभाविप और एनएसयूआई के छात्र नेता भिड़ गए। इससे कॉलेज में अफरातफरी का माहौल रहा। छात्र नेता प्राचार्य के कक्ष में घुस गए जिस पर काॅलेज प्रशासन को पुलिस बुलानी पड़ी। हंगामे के बाद शास्ता मंडल की बैठक हुई और नोटिस बोर्ड पर बाहरी लोगों के कॉलेज नहीं आने के लिए नोटिस चस्पा किया गया है।
सुबह कॉलेज में दो विद्यार्थी संगठनों के छात्र बाहरी युवकों को परिसर से बाहर करने की मांग करते हुए प्राचार्य कक्ष में घुस गए। दोनों गुट एक दूसरे पर बाहरी युवकों को कॉलेज में बुलाने का आरोप लगा रहे थे। बढ़ते हंगामे को देखते हुए चुनाव प्रभारी डाॅ. पंकज उप्रेती और मुख्य शास्ता डाॅ. अब्दुल शाहिद ने दोनों पक्षों को समझाकर प्राचार्य के कक्ष से बाहर किया। कुछ देर बाद छात्राएं आपस में किसी बात को लेकर भिड़ गईं, जिन्हें पुलिस ने बमुश्किल हटाया।
प्राचार्य डाॅ. अनुपमा तिवारी ने कहा कि अभी चुनाव की तारीख तय नहीं हुई है। छात्र शिक्षा का माहौल और अनुशासन बनाए रखें। चुनाव प्रभारी डाॅ. पंकज ने कहा कि किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डाॅ. अब्दुल ने कहा कॉलेज में अब नियमित निरीक्षण होगा और गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
कॉलेज के दौरान तैनात रहेगी पुलिस
टनकपुर। चुनाव प्रभारी डाॅ. पंकज उप्रेती ने बताया कि काॅलेज की अनुशासन मंडल की बैठक में आठ बिंदुओं पर फैसला लिया गया है। इसके तहत चुनाव संपन्न होने तक पुलिस प्रशासन से सुबह 10 से शाम 4:30 बजे सुरक्षा में सहयोग लिया जाएगा। चुनाव प्रचार काॅलेज भवन में नहीं करने, केवल सत्र 2024-25 के संस्थागत छात्रों को प्रवेश देने, बाहरी व्यक्ति पर विधिक कार्रवाई करने, मारपीट, गालीगालौज या तोड़फोड़ पर कार्रवाई आदि पर चर्चा हुई।