चंपावत। ऑलवेदर सड़क पर आवाजाही के लिए पांच घंटे का समय व्यापारियों को राहत नहीं दे रहा है। उनके लिए समय से सामान मंगाना चुनौती बना हुआ है। वाया देवीधुरा माल ढुलान अधिक देना उनकी मजबूरी बन गया है। हालांकि टैक्सी चालकों को इससे थोड़ी राहत मिली है।
रविवार से ऑलवेदर सड़क पर डेंजर जोन स्वाला में सुधारात्मक कार्य करते हुए पांच घंटे के लिए वर्तमान में आवाजाही शुरू कराई गई है। पीलीभीत सब्जी मंडी से चंपावत के लिए आने वाले सब्जी वाहन वाया देवीधुरा, लोहाघाट और पिथौरागढ़ के लिए जाने वाले वाहन वाया हल्द्वानी अल्मोड़ा जा रहे हैं। सब्जी व्यापारियों कहना है कि उनका अधिकतर सामान सुबह आता है। ऐसे में वह एक बजे तक आवाजाही सुचारू होने का इंतजार नहीं कर सकते हैं। अगर किसी कारणवश मार्ग फिर बंद हो गया तो उनका माल फंस जाएगा।
व्यापार के सिलसिले में हल्द्वानी जा रहे पिथौरागढ़ निवासी व्यापारी सानिध्य जोशी और अक्षय भट्ट ने बताया कि पिथौरागढ़ से टनकपुर होते हुए हल्द्वानी जाने में समय कम लगता है। अल्मोड़ा, हल्द्वानी रूट थकावट भरा है।
ऑलवेदर सड़क पर जब पूरी तरह आवाजाही सुचारू होगी, तब जाकर कुछ राहत मिलेगी। अगर समय से सब्जियां नगर में नहीं पहुंची तो खराब होने की आशंका बनी रहती है। - कैलाश अधिकारी, कोमल सब्जी भंडार, चंपावत।
- पीलीभीत मंडी से सब्जी के वाहन वाया हल्द्वानी मंगाना पड़ रहा है। ऑलवेदर सड़क अगर सुबह के समय आवाजाही के लिए खुलती तो सब्जियों के ट्रक समय से पहुंचने में आसानी होती। - खालिद, सब्जी विक्रेता, पिथौरागढ़।