चंपावत। जिले की कोई भी ग्राम पंचायत अब भवनहीन नहीं रहेगी। मौजूदा वित्त वर्ष 2023-24 के अंत तक जिले की सभी भवनहीन पंचायतों के पास अपने कार्यालय भवन होंगे। इसके लिए सभी पंचायतों को धन अवमुक्त कर दिया गया है। पंचायतघर बनने से पंचायतों को होने वाली असुविधा दूर होगी।
चार ब्लॉक वाले चंपावत जिले के 313 ग्राम पंचायतों में से वर्तमान में 301 के पास ही अपने पंचायत भवन हैं। छत को तरस रही 12 पंचायतों में से कुछ दूसरे पंचायतों के साथ तो कई अन्य कार्यालय भवन से काम चला रहे हैं।
इस दुश्वारी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अगस्त 2022 में जिले के सभी भवनविहीन पंचायतों के लिए भवन की घोषणा की थी। अब इन भवनविहीन पंचायतों के भवन की कवायद आगे बढ़ी है। सभी 12 पंचायतों के लिए जमीन चिह्नित होने के बाद अब बजट आवंटित कर दिया गया है। इसी माह से काम शुरू हो जाएगा।
इन 12 ग्राम पंचायतों में बनने हैं नए पंचायत भवन
टनकपुर, मोहनपुर, सल्ली, नायल, हरम, बिचई, मंच, पुनेठी, ढकना बडौला, कठनौली, शक्तिपुरबुंगा और बस्टिया।
मुख्यमंत्री के एलान के बाद चंपावत जिले की 12 भवनहीन पंचायतों में नए पंचायत भवन बनाए जा रहे हैं। निर्माण के लिए सभी पंचायतों के खाते में भी राशि स्थानांतरित कर दी गई है। अगले छह माह में निर्माण पूरा हो जाएगा। - रामपाल सिंह, डीपीआरओ, चंपावत।