चंपावत। अधिकारियों की कमी से जूझ रहे चंपावत जिले के लिए अच्छी खबर है। जिले को चार नायब तहसीलदार मिलेंगे। इस संबंध में राजस्व परिषद अध्यक्ष मनीषा पंवार की ओर से पदोन्नति सूची जारी की गई है।
अल्मोड़ा के कानूनगो जगदीश गिरि, चंपावत के हरीश नाथ, ईश्वर सिंह भीमा और शंकर सिंह बंग्याल को चंपावत जिले में नायब तहसीलदार के रूप में पदोन्नत किया गया है। राजस्व परिषद ने नायब तहसीलदारों की कमी को देखते हुए राजस्व निरीक्षक और रजिस्ट्रार कानूनगो संवर्गीय कार्मिकों को पदोन्नति दी है। इसके अंतर्गत उन्हें एक वर्ष में अधिकतम 364 दिनों की तैनाती मिलेगी।
पांच तहसील और दो उप तहसील वाले चंपावत जिले में अभी 12 के सापेक्ष सिर्फ दो अधिकारी हैं। टनकपुर, पाटी और बाराकोट में न नायब तहसीलदार है और न ही तहसीलदार। इसी तरह मंच और पुल्ला की दोनों उप तहसील में भी कोई अधिकारी नहीं है। डीएम नवनीत पांडे का कहना है कि इन नायब तहसीलदारों को इस सप्ताह कार्यक्षेत्र आवंटन कर दिया जाएगा। संवाद