बनबसा (चंपावत)। समाज कल्याण विभाग की ओर से बुधवार को पूर्णागिरि इंटर कॉलेज भजनपुर में बहुउद्देश्यीय जन सुविधा शिविर आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों ने स्टाल लगाकर जनसमस्याओं का मौके पर निस्तारण किया। क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहतोड़ी ने शिविर का शुभारंभ किया।
उन्होंने विभागों के अधिकारियों को जनसमस्याओं का मौके पर समाधान कर शिविर का उद्देश्य पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक ने लाभार्थियों को शिविर में बने प्रमाणपत्र भी बांटे।
उन्होंने कहा कि जनता की हर छोटी, बड़ी समस्या को प्राथमिकता से दूर कराया जा रहा है। कहा कि जिलेे में 22 शिविर आयोजित कर जनसमस्याएं सुलझाई गईं हैं। भविष्य में शिविरों का आयोजन जारी रखा जाएगा।
सहायक समाज कल्याण अधिकारी जितेंद्र चंद ने बताया कि शिविर में वृद्धावस्था पेंशन के 10, विधवा पेंशन के पांच, दिव्यांग पेंशन के तीन आवेदन हुए। स्वास्थ्य विभाग ने 48 दिव्यांगों को दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी किए।
शिविर में पशुपालन, राजस्व, बाल विकास, उद्योग विभाग, सहकारिता, उद्यान, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रम विभाग, पर्यटन, कृषि आदि विभाग ने भी स्टाल लगाए।
विधि सह परिवीक्षा अधिकारी द्वारिका शर्मा ने संचालन किया। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष रेनू अग्रवाल, एसडीएम हिमांशु कफल्टिया, एबीडीओ एमसी कांडपाल, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मीनाक्षी भट्ट, दीपक गहतोड़ी, सुनील भट्ट, चिकित्साधिकारी डॉ. वीके जोशी, डॉ. विराज राठी आदि रहे।