लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड के डुंगरी फर्त्याल, बुंगा फर्त्याल, बुड़चौड़ तोक में पेयजल योजना का निर्माण कार्य पूरा न करने पर ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी जताई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन कर पेयजल योजना का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है।
ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बुधवार को तहसील में जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन कर एसडीएम रिंकू बिष्ट को ज्ञापन सौंपा। पेयजल योजना का जल्द निर्माण कार्य पूरा करवाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि जल संस्थान ने दो साल पहले बुंगा फर्त्याल और बुड़चौड़ के लिए पेयजल लाइन का निर्माण शुरू किया था। यह कार्य बहुत धीमा रहा। ग्रामीणों ने जल संस्थान से कई बार इस योजना को पूरा करने की मांग की थी, लेकिन कार्य पूरा नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने कहा कि गर्मी में पेयजल स्रोतों का जल स्तर बहुत कम हो गया है। इस कारण ग्रामीणों को गधेरों से पानी ढोना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर समय से पेयजल योजना का कार्य पूरा नहीं किया गया तो वह आंदोलन करेंगे। जल संस्थान के अभियंता पवन बिष्ट ने कहा कि जल्द की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। इस मौके पर त्रिभुवन उपाध्याय, राकेश फर्त्याल, बसंती देवी, मनोहरी देवी, बिशनी देवी, ममता देवी, सरिता देवी, दीपक फर्त्याल, संजय फर्त्याल, मनीष सिंह आदि रहे।
भिंगराड़ा खरही के गांवों के नल सूखे
चंपावत। पिछले वर्ष अक्तूबर में आई भीषण आपदा के कारण भिंगराड़ा के खरही क्षेत्र की क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन दोबारा क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षतिग्रस्त लाइन को ठीक न करने के कारण क्षेत्र में पेयजल का गंभीर संकट हो गया है। ग्रामीण गधेरों के पानी से प्यास बुझा रहे हैं। ग्रामीणों ने शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुचारु न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
आपदा में लगभग 20 वर्ष पुरानी खरही पेयजल लाइन पूरी तरह नष्ट हो जाने से खरही के ईजर, मल्ली खरही, तल्ली खरही में पेयजल का गंभीर संकट हो गया है। खरही के सामाजिक कार्यकर्ता दीपक शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों ने जल संस्थान, जल निगम, स्वजल विभाग से पेयजल लाइन की मरम्मत करने की मांग कई बार की, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस कारण इन गांवों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। ग्रामीण दीवान सिंह बोहरा, दीपक गोस्वामी, सूरज बोहरा, संजय गहतोड़ी, घनश्याम शर्मा, भुवन शर्मा, बाला दत्त शर्मा, किशोर शर्मा आदि ने बताया कि खरही क्षेत्र के तोक तल्ली खरही, मल्ली खरही, ईजर आदि जगहों पर आपदा से पेयजल लाइनों को व्यापक नुकसान पहुंचा था। ईजर-खरही पेयजल लाइन पूरी क्षतिग्रस्त हो गई है। बताया कि आपदा के बाद से ही जल संस्थान के अधिकारी क्षेत्र में नहीं पहुंचा और न ही किसी ने क्षतिग्रस्त योजना ही सुधारी। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत शीघ्र न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।