लोहाघाट (चंपावत)। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने बृहस्पतिवार को नगर के पास कोलीढेक झील का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नाव संचालकों की समस्याएं भी सुनीं।
कुमाऊं कमिश्नर ने देवदार के वृक्षों के बीच बनी झील में नौकायन कर यहां की खूबसूरती को काफी सराहा। उन्होंने झील क्षेत्र में सुविधाओं को और बढ़ाने की बात कही। कमिश्नर ने झील में खतरा बने पेड़ों के निस्तारण के लिए वन निगम को निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग के अभियंताओं से झील के विकास को लेकर वार्ता की।
पर्यटकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए। वहां आईजी कुमाऊं नीलेश आनंद भरणे, डीएम नवनीत पांडे, एसपी देवेंद्र पींचा, एसडीएम रिंकू बिष्ट, तहसीलदार विजय गोस्वामी, सिंचाई विभाग के अभियंता मौजूद रहे।
बेसहारा गोवंश को पहनाई जाएगी रेडियमयुक्त बेल्ट
चंपावत। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर बेसहारा और घुमंतू गोवंश को सुरक्षा देने की कवायद की गई है। सी-हॉक और लडवाल फाउंडेशन के अध्यक्ष नरेंद्र लडवाल ने ऐसे गोवंश की हिफाजत के लिए रेडियमयुक्त बेल्ट पहनाने की पहल की है। उन्होंने बृहस्पतिवार को ऐसी 250 बेल्ट एसपी को भेंट कीं। एसपी देवेंद्र पींचा ने कहा कि ये बेल्ट जरूरत वाली जगहों में पुलिस कर्मियों के जरिए पहनाई जाएंगी।
जिले के कई हिस्सों में बेसहारा गाय और अन्य जानवर वाहनों की चपेट में आने से मर जाते हैं। कई बार इनसे टकराकर लोग भी घायल हो चुके हैं। अब गोवंश के गले में रेडियमयुक्त बेल्ट बांधी जाएगी। इस बेल्ट के जरिए वाहन चालकों को दूर से ही रात के समय गोवंश के नजर आने से हादसे कम होंगे। वहां डॉ. बीसी जोशी, प्रो. बीडी सुतेड़ी, सेवानिवृत्त शिक्षाधिकारी एलएम पंत और सभासद रोहित बिष्ट आदि थे।