चंपावत। तल्लादेश क्षेत्र में मैक्स जीप के खाई में गिरने से दो यात्री जख्मी हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में लाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे की वजह पता नहीं लग सकी है।
जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार रात हरम से रमैला जा रही मैक्स जीप (यूके 03 टीए/0797) ठेलाकोट में 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। जीप में चालक सहित सवार चार लोगों में से दो घायल हुए। तामली से एसओ सुमन पंत के नेतृत्व में दलबल के साथ पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर घायलों को निकाला। मंच से पहुंची आपात सेवा 108 एंबुलेंस से दोनों घायलों को चंपावत जिला अस्पताल लाया गया। मान सिंह (45) पुत्र रघुवर सिंह और कलावती देवी (48) पत्नी हयात राम निवासी रमैला के कंधे और पांव में बुरी तरह चोट लगी।
सीएमएस डॉ. पीएस खोलिया ने बताया कि प्राथमिक इलाज के बाद दोनों घायलों को हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया। जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जीप में चालक भवान सिंह के अलावा सतीश सिंह सवार थे। राहत और बचाव कार्यों में ग्रामीण दीपक महर, राहुल महर, सूरज महर, राजेश सिंह आदि ने सहयोग किया।
बाक्स
मंच अस्पताल के बुरे हाल... एक सप्ताह से डॉक्टर गायब
घायलों को मंच के बजाय सीधे 32 किमी दूर चंपावत जिला अस्पताल लाना पड़ा
फार्मासिस्ट के आसरे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
चंपावत। दुर्घटना स्थल ठेलाकोट से मंच के राजकीय प्राथमिक अस्पताल की दूरी महज छह किलोमीटर है। घायलों को मंच अस्पताल के बजाय सीधे मंच से 32 किलोमीटर दूर चंपावत जिला अस्पताल लाया गया। इसकी वजह मंच अस्पताल की व्यवस्थाओं का ठीक नहीं होना है। यहां तक कि अस्पताल में एक हफ्ते से डॉक्टर नहीं है।
मंच अस्पताल में तीन चिकित्सकों की तैनाती थी। लेकिन दो (डॉ. आभा बिष्ट और डॉ. अंकुर बिष्ट) को पीजी करने के लिए कार्यमुक्त किया गया है। अकेली डॉ. प्रगति तोमर एक सप्ताह से अस्पताल से अनुपस्थित हैं। शुक्रवार को भी मंच अस्पताल में फार्मासिस्ट संजू वर्मा और एएनएम शीला प्रहरी सेवा दे रहे थे। इन्हीं स्वास्थ्य कर्मियों ने शुक्रवार को आठ मरीजों का परीक्षण कर दवा दी। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अव्यवस्था और कर्मियों की गैर हाजिरी से अस्पताल का लाभ अक्सर लोगों को नहीं मिल पाता है। लचर स्वास्थ्य सेवाओं की मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से शिकायत की है।
कोट
मंच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की डॉक्टर प्रगति तोमर एक सप्ताह से अस्पताल से गायब है। वेतन रोकने के साथ ही उनका स्पष्टीकरण तलब किया जा रहा है। व्यवस्था सुधारने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
डॉ. केके अग्रवाल, सीएमओ, चंपावत।