बनबसा/टनकपुर (चंपावत)। विधानसभा चुनाव के कारण भारत-नेपाल सीमा को सुरक्षा की दृष्टि से सील कर दोनों ओर आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। शुक्रवार शाम छह बजे से मतदान की समाप्ति 14 फरवरी की शाम छह बजे तक के लिए बनबसा एवं टनकपुर भारत-नेपाल सीमा सील रहेगी। इस दौरान किसी को भी सीमा पार करने की अनुमति नहीं मिलेगी। विशेष परिस्थितियों में किसी का सीमा पार करना जरूरी हो तो वहां तैनात एजेंसियां सघन पूछताछ एवं पूर्ण साक्ष्य देख कर अपने विवेक से ही निर्णय लेंगी।
डीएम विनीत तोमर ने कहा कि भारत-नेपाल के अलावा अन्य देश (थर्डकंट्री) के विदेशी पर्यटकों एवं गंभीर रूप से बीमार आदि के लिए पूरे प्रमाणों के साथ सीमा पर तैनात एजेंसियां अपने विवेक से सीमा खोल उन्हें पारगमन करा सकेंगी। एसएसबी 57वीं वाहिनी के कमांडर निरीक्षक राजवीर सिंह मीणा ने बताया कि उन्हें 11 फरवरी से 14 फरवरी को मतदान प्रक्रिया संपन्न होने तक भारत-नेपाल सीमा पर दोनों ओर आवाजाही बंद रखने के निर्देश मिले हैं।
एसएसबी 57वीं वाहिनी सितारगंज के कमांडेंट बीपीएस नेगी ने बनबसा ए एवं धनुषपुल स्थित ई कंपनी एसएसबी 57वीं वाहिनी के जवानों को भारत-नेपाल सीमा पर सघन पेट्रोलिंग कर नेपाल एपीएफ के साथ भी तालमेल बनाने के लिए कहा है। इसके तहत सीमा पर गश्त और निगरानी समेत सीमा पर अनजान, संदिग्ध लोगों से सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अनुपालन में धनुषपुल स्थित एसएसबी ए कंपनी ने नेपाल एपीएफ के साथ संयुक्त गश्त कर सीमा टटोली। वहां कोई संदिग्ध और आपराधिक गतिविधियां नहीं मिलीं।
सीमा सील होने से कारोबारी निराश
बनबसा (चंपावत)। विधानसभा चुनाव के लिए भारत-नेपाल सीमा सील की जा रही है। इसका स्थानीय कारोबार पर भी व्यापक असर पड़ेगा। अधिक समयावधि के लिए भारत-नेपाल सीमा पर आवागमन बंद करने से व्यापारियों में निराशा के भाव हैं। वे सिर्फ मतदान के दिन इसकी जरूरत बताते हैं।
चुनाव आयोग के निर्देश पर यहां 14 फरवरी की शाम तक नेपाली ग्राहकों की आवाजाही नहीं होगी। मतदान वाले दिन 14 फरवरी को बाजार पूर्णतया बंद रहेगा। इससे कारोबार प्रभावित होना स्वाभाविक है।
इससे चिंतित व्यापार मंडल महामंत्री अभिषेक गोयल ने बताया कि आजकल विवाह के लगन हैं। पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष भरत भंडारी ने बताया कि पहले कम अवधि करीब 52 घंटे के लिए सीमा सील की जाती थी लेकिन इस बार बंदी का समय बढ़ाया गया है। वे कहते हैं कि बनबसा के व्यापारी कोरोना के कारण हुए लॉकडाउन में खासा नुकसान उठा चुके हैं।
पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय अग्रवाल के मुताबिक सीमा सील होने से टैक्सी, ईरिक्शा, मजदूर वर्ग को नुकसान होगा। सब्जी विक्रेता जाकिर एवं बिजेंद्र के मुताबिक सब्जी कारोबारियों को नुकसान होगा। पूर्व व्यापार मंडल महामंत्री संजय पारीक एवं कोषाध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि परचून एवं दैनिक उपभोक्ता वस्तुओं समेत कपड़ा व्यवसायियों पर सीमा सील होने का बहुत असर पड़ेगा।