लोहाघाट-चंपावत एनएच में लोहाघाट के देवराड़ी बैंड से किया जा रहा हॉटमिक्स का कार्य।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। यहां देवराड़ी बैंड से लेकर मरोड़ाखान के पास तक छूटे हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर हॉटमिक्स का कार्य शुरू हो गया है। मोटर मार्ग पर हॉट मिक्स का कार्य शुरू होने पर लोगों ने खुशी जताई है।
एनएच की ओर से पूर्व में टनकपुर से पिथौरागढ़ तक एनएच को सही कर उसमें हॉटमिक्स किया गया। लोहाघाट में बाईपास निर्माण को देखते हुए देवराड़ी बैंड से मरोड़ाखान के पास तक एनएच पर डामरीकरण का कार्य नहीं किया गया था। डामरीकरण नहीं होने से जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के साथ नालियां बंद होने से यह मार्ग बदहाल हो गया है। इस पर रपटकर दोपहिया वाहन चालक चोटिल होते आ रहे थे।
लोगों ने भी कई बार बदहाल मोटर मार्ग को सही कराने की मांग उठाई थी। एनएच के एई हरिनंदन मिश्रा ने बताया कि देवराड़ी बैंड से मरोड़ाखान से तीन किमी पहले तक करीब पांच किलोमीटर मार्ग पर हॉटमिक्स का कार्य होना है। उन्होंने बताया कि देवराड़ी बैंड से नर्सरी, गधेरे तक अभी तक करीब पौने दो किमी में सिंगल लेन में हॉटमिक्स कर दिया गया है। बताया कि शिवालय पुल के पास तक सिंगल लेन हॉटमिक्स होने के बाद छूटे हुए हिस्से में हॉटमिक्स का कार्य किया जा रहा है। मौसम के सही रहने पर जल्द कार्य पूरा कर लिया जाएगा।