गल्लागांव-लोहाघाट मोटर मार्ग में सड़क किनारे डंप किया गया मलबा।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। गल्लागांव-लोहाघाट मोटर मार्ग पर लोनिवि की ओर से नाली निर्माण में निकले मलबे का निस्तारण न होने पर स्थानीय लोगों ने गहरी नाराजगी जताई है। लोगों ने लोनिवि पर कार्य में हीलाहवाली का आरोप लगाते हुए जल्द मलबे का निस्तारण करने की मांग की। जल्द कार्यवाही न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
शशांक पांडेय, चालक रमेश कुमार, दुकानदार राजू अधिकारी, हर्षित बोहरा, धीरज पांडेय, पार्वती देवी, हेमा देवी, जानकी देवी आदि का कहना है कि लोनिवि ने करीब चार पांच महीने पहले लोहाघाट-गल्लागांव मोटर मार्ग किनारे नालियों का निर्माण कराया था। नालियों में भरे मलबे को निकालकर नाली तो खोल दी लेकिन मलबे को सड़क किनारे डंप कर दिया गया है। सड़क पर मलबा डंप होने से वाहनों की आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वाहनों के टायर मिट्टी में जाने से उसमें उड़ने वाली धूल से राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर उड़ने वाली धूल से उनका व्यापार काफी प्रभावित हो रहा है। लोगों ने सड़क किनारे डंप मलबे के निस्तारण की मांग की है। लोनिवि के ईई बीसी भंडारी का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।