पाटी (चंपावत)। जिले के पाटी विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्र सिमलखेत विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापिका के खाते से साइबर ठगों से तीन लाख आठ हजार दो सौ रुपये निकाल लिए। साइबर ठगी की शिकार अंजलि अधिकारी ने इसकी सूचना पाटी पुलिस को दे दी है।
अंजलि ने बताया कि उनके मोबाइल फोन में एसबीआई योनो एप नहीं चल रहा था। उन्होंने इंटरनेट पर मिले हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया तो उन्हें मोबाइल फोन पर एनी डेस्क एप डाउनलोड करने के लिए कहा गया।
मोबाइल में एनीडेस्क एप डाउनलोड करते ही खाते से उनके खाते से 3.08 लाख रुपये की अवैध निकासी हो गई। पाटी थाने के एसओ हरीश प्रसाद ने बताया कि जिला पुलिस का साइबर सेल आरोप की जांच कर रहा है।
क्या करें, न करें
अपना पासवर्ड नियमित अंतराल पर बदलते रहें।
अपना कोड या ओटीपी अनजान व्यक्ति को न बताएं।
एप न चलने पर पुराना एप हटाकर उसका नया वर्जन डाउनलोड करना चाहिए।
बैंक हेल्पलाइन नंबर इंटरनेट पर खोजने के बजाय संबंधित बैंक, एटीएम कार्ड या पासबुक से लेना चाहिए।
एप चलाने के लिए ओटीपी के स्वत: सत्यापन संबंधी एसएमएस के लिए संबंधित फोन नंबर पर मेन बैलेंस भी उपलब्ध होना चाहिए।
साइबर अपराध होने पर पुलिस और संबंधित बैंक प्रबंधक को यथाशीघ्र सूचित कर एटीएम कार्ड, ऑनलाइन लेनदेन ब्लॉक करवा देना चाहिए।
एनीडेस्क एप के सहारे साइबर ठग आपके फोन, कंप्यूटर का नियंत्रण खुद कर सकते हैं। ऐसा होने पर फोन या कंप्यूटर को तत्काल बंद कर देना चाहिए।