टनकपुर में स्नानघाट के ऊपर बहता शारदा का पानी।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। पहाड़ों में मूसलाधार बारिश से शुक्रवार को मैदान में नदी, नाले उफान पर रहे। शारदा का जलस्तर बढ़ने से पानी स्नानघाट के ऊपर से बहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने घाट के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क कर घाट की ओर जाने पर रोक लगा दी है।
इधर पूर्णागिरि धाम मार्ग पर किरोड़ा और बाटनागाड़ नाले के उफान से काफी देर यातायात बंद रहा। वहीं धाम के जगदंबा मोड़ में पैदल मार्ग का काफी हिस्सा भूस्खलन से ध्वस्त हो गया है।
शुक्रवार को मैदानी क्षेत्र टनकपुर, बनबसा में बारिश नहीं हुई, लेकिन पहाड़ों में हुई मूसलाधार बारिश मैदान में आफत बनी। नदी, नालों के उफान ने जनजीवन प्रभावित किया। सुबह शारदा का जल स्तर अचानक बढ़ गया।
सुबह 11 बजे आया 2.16 लाख क्यूसेक पानी स्नानघाट के ऊपर से बहने लगा। इस कारण शारदा बैराज पर वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। नदी का जल स्तर बढ़ते ही घाट में तैनात जल पुलिस ने आसपास के लोगों को अलर्ट कर घाट की ओर न जाने की हिदायत दी।
पूर्णागिरि मार्ग में बाटनागाड़ नाले से भारी मलबा आने के कारण काफी देर मार्ग बंद रहा। मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय ने बताया कि पूर्णागिरि धाम के मुख्य मंदिर का पैदल मार्ग जगदंबा मोड़ के पास भूस्खलन से क्षतिग्रस्त होकर खाई में समा गया है। उन्होंने क्षतिग्रस्त मार्ग को शीघ्र सुधारने की मांग की है।