टनकपुर बोहरागोठ में माघ खिचड़ी कार्यक्रम की भनक लगने पर मौके पर पहुंच जानकारी लेती पुलिस और उड़न
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। कड़ाके की ठंड के बीच रविवार को यहां बोहरागोठ में माघ खिचड़ी कार्यक्रम का आयोजन कराना शिल्पकार सेवा समिति को महंगा पड़ गया। आरोप है कि बोहरागोठ में विश्वकर्मा मंदिर के पास बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच इस कार्यक्रम के जरिये राजनीतिक प्रचार भी किया जा रहा था। मौके पर पहुंची राजस्व और उड़नदस्ते ने मौके से भाजपा की प्रचार सामग्री भी बरामद की है।
रविवार को खिचड़ी कार्यक्रम चल ही रहा था कि अनुमति के बगैर आयोजन की प्रशासनिक अमले को जानकारी लगी। मौके पर राजस्व और उड़नदस्ते को देख आयोजन समिति सहित वहां मौजूद लोग सकते में आ गए। टीम ने आयोजन स्थल और वहां मौजूद कुछ लोगों के बयान लिए। बताया गया कि विधायक कैलाश गहतोड़ी भी इस कार्यक्रम में कुछ देर मौजूद रहे। बाद में चंपावत विधानसभा सीट के निर्वाचन अधिकारी ने आयोजन समिति के खिलाफ कोविड निर्देशों का उल्लंघन और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कराया। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि आयोजन समिति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मौके पर गई राजस्व और उड़नदस्ते की टीम की रिपोर्ट में भाजपा की प्रचार सामग्री के मिलने का उल्लेख है। साथ ही लोगों ने आयोजन स्थल में विधायक कैलाश गहतोड़ी के भी कुछ समय तक मौजूद रहने की जानकारी दी। टीम के पहुंचने के वक्त कोई भी राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं पाया गया। चुनाव आचार संहिता और कोविड निर्देशों के उल्लंघन के आरोप में आयोजक शिल्पकार सेवा समिति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
- हिमांशु कफल्टिया, निर्वाचन अधिकारी, चंपावत।