चंपावत में एनएच में छतार में नाली निर्माण के कारण उठने वाली धूल ने बढ़ाई दिक्कतें।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। जिला मुख्यालय में राष्ट्रीय राजमार्ग में नाली चौड़ीकरण कार्य से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यालय के छतार से मुख्य बाजार के बीच चल रहे निर्माण कार्य के कारण कई बार जहां जाम लगने की नौबत आ रही है। वहीं बेहद धीमी गति से हो रहे निर्माण कार्य ने लोगों की परेशानियों में इजाफा कर दिया है।
निर्माण कार्य के चलते लगातार उड़ रही धूल के कारण आसपास रहने वालों और पैदल चलने वाले राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सतीश जोशी, नीरज कुमार, गोविंद बल्लभ, निर्मल पंत आदि ने एनएच के अधिकारियों से नाली निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने और इस दौरान मार्ग पर धूल से बचाव के लिए पानी छिड़कने की मांग की है। उधर, एनएच खंड के ईई एलडी मथेला ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने और कार्य के दौरान धूल न उड़े उसके लिए नियमित रूप से पानी छिड़कने के निर्देश दिए गए हैं।