आपदा मित्रों के साथ डीजी अशोक कुमार व अन्य। संवाद
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। पुलिस महानिदेशक (डीजी) अशोक कुमार ने आपदा मित्रों, एसडीआरएफ कर्मियों एवं फायर सर्विस कर्मियों के आपदा के समय किए जाने वाले बचाव कार्यों का अभ्यास देखा। डेमो देख डीजी ने कर्मियों की सराहना की। उन्होंने आपदा मित्रों को आवश्यक निर्देश देकर किट भी बांटे।
डीजी ने कहा कि वर्ष 2013 में राज्य में आई आपदा के बाद से पुलिस महकमे में कई नए उपाय और कार्य किए गए हैं। बाढ़ राहत के लिए पुलिस को तैयार किया गया है। नैनीताल, रुद्रपुर, टनकपुर, विकासनगर, टिहरी, ऋषिकेष में बाढ़ राहत कंपनियों (आपदा दल) को तैनात किया गया है। इस दल ने आपदा में बचाव कार्य करना दिखाया। डीजी ने कहा कि आपदा में सभी जगह एसडीआरफ टीम समय पर नहीं पहुंच सकती, इसलिए स्थानीय ग्रामीणों को भी आपदा प्रबंधन और बचाव कार्यों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बाद में डीजी ने अग्निशमन विभाग का भी निरीक्षण कर कार्मिकों को हमेशा सतर्क रहने के लिए कहा। इस मौके पर डीआईजी नीलेश आनंद भरणे, एसपी देवेंद्र पींचा, सीओ अविनाश वर्मा, कोतवाल चंद्रमोहन सिंह, एएसआई सुरेंद्र सिंह कोरंगा, एएसआई राधिका भंडारी, बूम चौकी प्रभारी डीएस जलाल, अग्निशमन प्रभारी गिरीश सिंह बिष्ट समेत एसडीआरफ कर्मी मौजूद रहे।
भैरव मंदिर थाने के दरोगा भट्ट डीजी से सम्मानित
पूर्णागिरि धाम (चंपावत)। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने बृहस्पतिवार को चंपावत पुलिस लाइन में पूर्णागिरि मेला ड्यूटी में तैनात अल्मोड़ा के वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजमोहन भट्ट का सम्मान किया। उन्हें ये सम्मान मेला क्षेत्र की उम्दा व्यवस्था में सहयोग और खोए बच्चों को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाने के लिए दिया गया। पूर्णागिरि मेला 19 मार्च से शुरू हो 15 जून तक चलेगा।