बाराकोट के राप्रावि देवराड़ी में शिक्षकों की तैनाती की मांग को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड बाराकोट के राजकीय प्राथमिक विद्यालय देवराड़ी में लंबे समय से शिक्षकों के पद खाली हैं। इस कारण छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती न होने से गुस्साए अभिभावकों ने शिक्षा विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि विद्यालय में अन्य शिक्षकों की जल्द तैनाती न होने पर तालाबंदी करने के साथ शिक्षा विभाग के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
ग्राम प्रधान निर्मल नाथ गोस्वामी, ज्येष्ठ उपप्रमुख नंदाबल्लभ बगौली ने बताया कि जहां एक ओर सरकार छात्र-छात्राओं को सरकारी विद्यालयों में भेजने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती न कर उनके भविष्य के साथ खुला मजाक कर रही है। कहा कि देवराड़ी विद्यालय में 40 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जिन्हें पढ़ाने के लिए एकमात्र शिक्षक तैनात हैं। इन पर पढ़ाने से लेकर एमडीएम, विभागीय बैठकों, प्रशिक्षण में जाने की जिम्मेदारियां हैं। अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्र बिसराड़ी ग्राम पंचायत के सभी गरीबों के बच्चे यहां पढ़ने जाते हैं। अभिभावकों ने कहा कि कई बार जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों को विद्यालय में तीन शिक्षकों की तैनाती की मांग की जा चुकी है, लेकिन उनकी मांग को अनसुना किया जा रहा है। चेतावनी दी कि यदि विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती जल्द नहीं की गई तो विद्यालय में तालाबंदी कर विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में पपेंद्र प्रसाद, पुष्कर सिंह, कुंवर सिंह, राजेंद्र प्रसाद, पवन कुमार, सुरेंद्र प्रसाद आदि रहे।