लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड बाराकोट में चौमेल डाकघर शाखा में लेनदेन समेत लोगों के जरूरी काम न होने से लोगों में आक्रोश फैल गया है। उन्होंने व्यवस्था को जल्द सुचारु न करने पर आंदोलन की चेतावनी। इस दौरान ग्रामीणों ने डाकघर प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ग्राम प्रधान प्रकाश महर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने शुक्रवार को डाकघर के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि डाकघर में आरआईसीटी डिवाइस उपलब्ध होने के बावजूद आरडी, एसएसए, एसबी खातों को ऑनलाइन लिंक नहीं किया है। इससे लेन-देन नहीं हो पा रहा है। आरपीएलआई बुक काफी समय से सीबीएस होने के लिए पिथौरागढ़ गई है, लेकिन वापस नहीं आई है।
फोर जी नेटवर्क के जमाने में लगी थ्री जी डिवाइस कभी भी बंद हो जाती है। एबटमाउंट या लोहाघाट शाखा में जाकर भी लोग लेनदेन नहीं कर पा रहे हैं। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि यही हाल रहा तो वह डाकघर के खिलाफ उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर कमल पाठक, योगेश सिंह, रवि महर, नवीन पाठक, सूरज नाथ, रंजीत गिरी आदि रहे।
डाकघर में दो दिन से संचार सेवा ठप
जौलजीबी (पिथौरागढ़)। जौलजीबी डाकघर में बीएसएनएल की संचार सेवा ठप होने के कारण दो दिन से लोगों के काम नहीं हो रहे हैं। अपने जरूरी काम के लिए डाकघर आने वाले ग्राहकों के साथ ही आम लोगों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
जौलजीबी डाकघर में 21 फरवरी से बीएसएनएल की संचार सेवा ठप होने के कारण लोगों को मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। एकमात्र डाकघर पर करीब 20 हजार से अधिक की आबादी निर्भर है। आए दिन संचार सेवा ठप होने से लोगों को डाकघर के कई चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसे में मनी ट्रांसफर समेत अन्य जरूरी काम डाकघर में ठप रहते हैं।
डाकघर पर क्षेत्र की 20 हजार से अधिक की आबादी निर्भर है। आए दिन बीएसएनएल की संचार सेवा ठप होने से डाकघर में जरूरी काम नहीं हो पाते हैं। यहां पर वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए। - नाजिम हुसैन, स्थानीय।
इस महीने की आरडी जमा भी नहीं हो पाई है, जबकि 28 फरवरी को आरडी पूरी होने वाली है। अगर संचार सेवा 28 तक ठप रही तो इस महीने का फाइन भी जमा करना पड़ेगा। - सुरेंद्र सिंह बुढ़ाथोकी, व्यापारी।
डाकघर का नियमित ग्राहक हूं, लेकिन बीएसएनएल की संचार सेवा आए दिन ठप रहती है। काम निपटाने के लिए कई दिनों तक डाकघर के चक्कर लगाने पड़ते हैं। -उमेश चंद, ग्राहक।