टनकपुर (चंपावत)। ग्रामीणों ने धूरा से तलियाबांज मोटर मार्ग निर्माण का मलबा कृषि भूमि पर फेंकने का आरोप लगाया है। इससे नाराज एक ग्रामीण परिवार ने एसडीएम को ज्ञापन भेजा है। इसमें ठेकेदार पर दबंगई का आरोप लगा मानकों के विपरीत कार्य करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कार्यदायी संस्था पर सड़क निर्माण की देखरेख में लापरवाही का भी आरोप लगाया है।
एसडीएम हिमांशु कफल्टिया को भेजे ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि लोनिवि की ओर से निर्माणाधीन धूरा से तलियाबांज सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में कार्यदायी संस्था देखरेख नहीं कर रही है। इस कारण ठेकेदार मानकों का पालन नहीं कर रहा है। सड़क निर्माण का मलबा उठाकर ग्रामीणों की कृषि भूमि पर फेंका जा रहा है। उन्होंने ठेकेदार से जान, माल का खतरा बताया है। इसलिए आरोप की जांच कर ठेकेदार पर उचित कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में पार्वती देवी, शंकर दत्त जोशी, राधाबल्लभ जोशी, किशोर चंद्र जोशी आदि के हस्ताक्षर हैं।
संभावित दुर्घटना स्थलों का चिह्निकरण करें
चंपावत। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक डीएम विनीत तोमर की अध्यक्षता में जिला सभागार में हुई। डीएम ने कहा कि दुर्घटना संभावित सभी स्थलों का चिह्निकरण कर जरूरी कार्य किए जाएं। कहा कि अभी पाला गिर रहा है। इसलिए सभी पाला क्षेत्रों में दोनों तरफ 100 मीटर से पहले साइन बोर्ड लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी मोड़ों पर साइन बोर्ड लगाकर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया जाए।
कहा कि सड़क का मलबा डंपिंग जोन में डाले एवं सड़क कटिंग के मलबे से हुए नुकसान कि प्रतिपूर्ति जल्द से जल्द करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चल्थी पुल में किए जा रहे कार्यों में तेजी से काम करें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की संख्या बढ़ाने, बिना हेलमेट, सीट बेल्ट एवं लाइसेंस के गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ चालान किए जाएं।
ओवरलोडिंग एवं अवैध रूप से वाहन चलने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में एसडीएम हिमांशु कफल्टिया, अनिल चन्याल, केएन गोस्वामी, सीओ अभिनव चौधरी, एआरटीओ रश्मि भट्ट, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल, एई राष्ट्रीय राजमार्ग एमसी पांडेय, प्रभारी रेंजर बृजमोहन टम्टा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी भागवत प्रसाद पांडेय आदि रहे।