पाटी (चंपावत)। पाटी ब्लॉक के मंगललेख में होली खेलने गए पान सिंह बिष्ट का शव सल्यानी नामक स्थान पर पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की जांच की मांग की है।
25 वर्षीय पान सिंह बिष्ट पुत्र कैलाश सिंह बिष्ट मंगलवार रात गांव में होली खेलने गया था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा। रवा से पाटी तक वाहन चलाने वाले पान सिंह के मामा चंदन सिंह को बुधवार सुबह एक व्यक्ति का शव रास्ते में पड़ा दिखा। उन्होंने पास जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। शव उनके भांजे पान सिंह का था। उन्होंने तुरंत ने पुलिस और परिजनों को इसकी सूचना दी। थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि पान सिंह के सिर और गर्दन पर चोट के निशान पाए गए हैं। उसके चाचा कुंदन सिंह बिष्ट की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
आखिर कैसे पहुंच गया डेढ़ किमी दूर
पान सिंह का शव घर से करीब डेढ़ किमी दूर सल्यानी तोक में पड़ा मिला है। लोगों का कहना है कि यह किसी के समझ ही नहीं आ रहा कि आखिर पान सिंह वहां तक कैसे पहुंचा। ग्रामीणों के अनुसार पान सिंह बिष्ट की गांव में दुकान है। मंगलवार रात को वह होली कार्यक्रम में 11 बजे तक दिखाई दिया था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।
पाटी में बढ़ रहा हत्याओं ग्राफ
पाटी (चंपावत)। पाटी क्षेत्र में हत्याओं का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। कुछ मामलों के खुलासे हो जाते हैं तो कुछ की गुत्थी आज तक नहीं सुलझ पाई है। एक अक्तूबर 2022 को पाटी के बिसारी गांव के मोहित पचौली को साथियों ने ही मार डाला था। युवक 23 सितंबर से लापता था। इसके बाद 11 अक्तूबर 2022 को क्षेत्र की एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। मृतका के परिवार वालों ने ससुरालियों पर उसे मारने का आरोप लगाया था। इसके बाद 22 जनवरी 2023 को पाटी के पटनगांव के पूर्व ग्राम प्रधान पुष्कर सिंह पाटनी की बरात से लौटते समय संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। इस मामले में भी हत्या का अंदेशा जताया गया था। वहीं बुरुसखोला की सरपंच दुर्गा देवी की हत्या कर दी गई थी जिसका खुलासा आज तक हो सका। हाल में 14 फरवरी 2024 को पाटी के कजीना गांव के खिलानंद उर्फ खिलेश जोशी (30) की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। संवाद