Cyber thug blew Rs 1.65 lakh from ex-serviceman's bank account
टनकपुर (चंपावत)। साइबर ठग ने ट्रेन में सफर के दौरान एक पूर्व सैनिक को झांसे में लेकर मोबाइल में आए ओटीपी पूछकर बैंक खाते से 1.65 लाख रुपये उड़ा लिए। घर पहुंचने पर पीड़ित पूर्व सैनिक ने मोबाइल में आए बैंक ट्रांजेक्शन संदेश पढ़े तो उसके होश उड़ गए। उसने फौरन पुलिस और साइबर सेल में घटना की जानकारी देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। साइबर सेल टीम मामले की जांच में जुट गई है।
चंदनी बनबसा निवासी पूर्व सैनिक सेवानिवृत्ति के बाद ुजरात के जामनगर में प्राइवेट नौकरी से छुट्टी लेकर घर आ रहा था। उसने बताया कि ट्रेन में सफर के दौरान 11 दिसंबर को उसके मोबाइल में एक व्यक्ति का कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि रात 12 बजे बाद उसका मोबाइल बंद हो जाएगा। इससे बचने के लिए वे अपना डाटा अपडेट कराए। इसके बाद उसने मोबाइल में आया ओटीपी नंबर बताने के लिए कहा। ओटीपी बताकर पूर्व सैनिक ने मोबाइल बंद कर दिया। तीन दिन बाद जब वह घर पहुंचा और मोबाइल में बैंक खाते से रुपये ट्रांसफर होने के संदेश पढ़े तो उसके होश उड़ गए। उसने फौरन बैंक में जाकर अपना खाता लॉक कराया और पुलिस को सूचित करने के बाद साइबर सेल में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया गया कि पूर्व सैनिक के खाते से तीन दिन में कई बार हुए ट्रांजेक्शन में 1.65 लाख रुपये उड़ाए गए हैं।