टनकपुर में हाथियों से निजात दिलाने को रेंजर से वार्ता करते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। चंपावत मार्ग से लगे बस्तिया गांव में पिछले सप्ताह से हाथियों का आतंक है। हाथियों का झुंड खेतों में घुस किसान की फसलों को रौंदकर नष्ट कर रहे हैं। हाथियों के आतंक से त्रस्त ग्रामीण शनिवार को शारदा रेंज टनकपुर जाकर रेंजर से वन्यजीवों को जंगल में रोकने के लिए मदद मांगी।
हाथियों के आतंक से परेशान बस्तिया के ग्रामीण टनकपुर शारदा रेंज कार्यालय पहुंच रेंजर महेश सिंह बिष्ट से मिले।
उन्होंने रेंजर से हाथियों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की। ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने गांव की सीमा पर रात्रि गश्त बढ़ाने, गांव की क्षतिग्रस्त सोलर फेंसिंग सुधारने और छूटे हिस्से में सोलर फेंसिंग लगाने की भी मांग रखी। रेंजर ने ग्रामीणों का आश्वस्त किया कि चंपावत मार्ग से लगे बस्तिया गांव में 1.5 किमी दूरी तक सोलर फेंसिंग लगाने का प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है।
इसका कार्य इसी साल शुरू हो जाएगा। उन्होंने गांव का स्थलीय निरीक्षण कर ग्रामीणों के नुकसान का आकलन भी किया। उन्होंने जल्द ही मैकेनिक बुलाकर सोलर फेंसिंग में करंट बहाली की बात भी कही। रेंजर से मिलने वालों में अंबा दत्त, पुष्कर लापड़, हरीश कुमार, नारायण दत्त, पवन आदि थे।