चंपावत। कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने सोमवार को पांच तस्करों को दबोचने में सफलता पाई। कोतवाली गेट पर चेकिंग के दौरान एक वाहन से एक किलो 600 ग्राम चरस के साथ पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया। आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। गिरफ्तारी एसडीएम सीमा विश्वकर्मा की मौजूदगी में की गई।
कोतवाल सलाउद्दीन खान के अनुसार चंपावत से टनकपुर की ओर से जा रहे वाहन यूपी 26 एएओ 457 की चेकिंग के दौरान उसमें सवार हेमा नेगी निवासी सितारगंज के कब्जे से 500 ग्राम, दलवीर सिंह निवासी लखीमपुर खीरी के कब्जे से 500 ग्राम, महेश कुमार निवासी लखीमपुर खीरी के कब्जे से 300 ग्राम और शाहीन निवासी गौटिया खटीमा के कब्जे से 300 ग्राम चरस बरामद की गई। इसके अलावा वाहन चालक बृजेंद्र कुमार निवासी जहानाबाद पीलीभीत को हिरासत में लिया गया। चरस बरेली, पीलीभीत को ले जाई जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये नकद इनाम देने का ऐलान किया है। अभियुक्तों को दबोचने वाली टीम में एसओजी प्रभारी ललित पांडेय, दीपा शाह, कमल धानिक, धर्मवीर सिंह, भूपाल चंद्र, कनिका ढेक आदि शामिल थे। बताते चलें कि जिले में पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान में लगातार कामयाबी मिल रही है। एक माह से भी कम अवधि में यहां चरस बरामदगी के नौ मामले प्रकाश में आ चुके हैं।