टनकपुर (चंपावत)। नेपाल से बेशकीमती गुलिया (चीड़ की लकड़ी का गुदा) की तस्करी का धंधा जोरों पर चल रहा है। रविवार को वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान सीमा पर एक क्विंटल अवैध गुलिया बरामद की है, जबकि तस्कर मौके से फरार हो गए। सीमा पार से गुलिया की तस्करी उजागर होने के बाद विभाग चौकन्ना हो गया है।
रविवार सुबह शारदा रेंज के वन रक्षक नंदा बल्लभ कांडपाल के नेतृत्व में विभाग की टीम नेपाल सीमा से लगे जंगल में गश्त कर रही थी। इस बीच कुछ लोग नेपाल की ओर से कंधे पर बोरे रखकर आते दिखाई दिए। इससे पहले कि वन कर्मी उन्हें पकड़ते वह बोरों को मौके में छोड़कर फरार हो गए।
वन क्षेत्राधिकारी गोविंद सिंह रजवार ने बताया कि बोरों को खोलकर देखने पर उसमें गुलिया भरी थी। उन्होंने बताया कि बरामद गुलिया का वजन करीब एक क्विंटल है, जिसे जब्त कर तस्करों का पता लगाया जा रहा है। वन क्षेत्राधिकारी ने कहा कि नेपाल से गुलिया की तस्करी का यह पहला मामला उजागर हुआ है। इसके बाद विभाग के कर्मचारियों को सीमा पार से वन संपदाओं की तस्करी रोकने को कारगर कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
बता दें कि जड़ी-बूटी के कारोबार के साथ ही यहां हवन सामग्री में प्रयुक्त होने वाली गुलिया का कारोबार भी बड़े पैमाने पर होता है। इसी की आड़ में गुलिया का अवैध कारोबार भी धड़ल्ले से चलता है।