बनबसा (चंपावत)। नेपाल पुलिस ने दो भारतीय युवकों को चार ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा है। नेपाली पुलिस और नारकोटिक्स विभाग युवकों से कड़ी पूछताछ कर रहा है।
शुक्रवार को नेपाल के लागू औषधि नियंत्रण ब्यूरो (नारकोटिक्स विभाग) का गश्ती दल महाकाली नगर पालिका एक चांदनी क्षेत्र में गश्त पर था। संदेह पर उन्होंने बाइक (यूके 03/5371) पर सवार युवकों से पूछताछ के बाद तलाशी ली तो उनके पास चार ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
लागू औषधि ब्यूरो के अधिकारी पद्म सिंह बिष्ट ने बताया कि उनके विभाग के पास पहुंची विशेष सूचना पर वे नेपाल-भारत सीमा पर चेकिंग अभियान पर थे। शक के आधार पर पकड़े गए दोनों भारतीय युवकों के कब्जे से ब्राउन शुगर बरामद हुई है।
ब्यूरो के प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार मल्ल ने बताया कि पकड़े गए दोनों युवक बनबसा निवासी पवन सिंह (28) और जितेंद्र चंद (24) हैं, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही हैं। नेपाल पुलिस और नारकोटिक्स विभाग उनसे इस बात का भी पता लगाएगा कि उनके पास ब्राउन शुगर कहां से आई और वे इस कार्य को कब से अंजाम दे रहे हैं।