चंपावत। ऊर्जा निगम (यूपीसीएल) ने लोहाघाट क्षेत्र में पांच उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते दबोचा। इन उपभोक्ताओं पर 1.74 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।
यूपीसीएल के चंपावत खंड के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि जुर्माने की इस रकम में से 1.42 लाख रुपये शुक्रवार को जमा हो चुके हैं।
शुक्रवार को लोहाघाट क्षेत्र में उप खंड अभियंता विकास भारती के नेतृत्व में कई जगहों में छापामार अभियान चलाया गया। पांच उपभोक्ताओं के घरों में बिजली चोरी के मामले सामने आए। बताया गया कि चार जगहों में मीटर से पहले कट मार कर चोरी की जा रही थी, जबकि पांचवें उपभोक्ता ने केबिल से सीधे बिजली चोरी कर रहा था।
छापामार दस्ते में जूनियर इंजीनियर बसंत बल्लभ गहतोड़ी, लाइनमैन चारू चंद्र ओझा, पप्पू जोशी आदि शामिल थें। ईई कुमार ने बताया कि बिजली चोरी को रोकने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।